जमीनी विवाद में मारपीट में पिता की मौत, बेटा घायल
कोल्हुई। थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव में जमीनी विवाद में हुई मारपीट में पिता की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी लाया गया। जहां से बेटे की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव के इंदरजोत में रामवेलास मौर्य एवं रामजतन के बीच गांव से सटी सड़क के पास जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जहां पर रविवार की सुबह रामवेलास भूसा निकालने गया था। इसी दौरान उनके पटटीदार रामजतन पहुंच कर कहासुनी करने लगे। थोड़ी देर के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट चलने लगी। जिसमें रामवेलास (55) व उनका लड़का रामजीत (30) घायल हो गया। जिसकी सूचना किसी ने स्थानीय पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनकटी ले गए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने रामवेलास को मृत घोषित कर दिया और बेटा को गंभीर हालत देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर सीओ अशोक कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
सीओ ने बताया कि मारपीट में घायल रामवेलास की मौत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गांव में दहशत, पुलिस तैनात
कोल्हुई। मैनहवा के इंदरजोत में रविवार को मारपीट के मामले में एक व्यक्ति की मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। मारपीट की सूचना में रामवेलास के मौत की जानकारी गांव के लोगों को मिली तो लोग फफक पडे़। जगह-जगह इकठ्ठा होकर लोग रामवेलास के मौत की चर्चा कर रहे हैं। प्रभारी एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि दोनो पक्षों के बीच पैतृक जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जिसमें पुलिस ने पहले भी दोनो पक्षों को शांति भंग में कार्रवाई कर चुकी है।
कोल्हुई क्षेत्र के मैनहवा गांव में घटना के बाद लगी भीड़- फोटो : MAHARAJGANJ