भिटौली। पनियरा ब्लॉक के जड़ार गांव का पुराना शिव मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सावन से मंदिर में एक के बाद एक ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिन्हें वे चमत्कार मान रहे हैं।
शिवलिंग के अरघे (तांबे या धातु का बना विशेष पात्र) से ऊपर उठने, दरार से पुराने सिक्के मिलने और मंदिर के चबूतरे से लगातार जल निकलने की बात सामने आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सावन में अचानक शिवलिंग अरघा छोड़कर ऊपर की ओर उठ गया। इससे शिवलिंग और अरघे के बीच दरार बन गई।
ग्रामीणों का दावा है कि इसी दरार से किंग जॉर्ज, महारानी विक्टोरिया, क्यूबा और भारत के प्राचीन काल से जुड़े विभिन्न धातुओं के सिक्के निकल रहे हैं।
मंदिर के चबूतरे से भी करीब डेढ़ महीने से लगातार पानी निकलने की बात कही जा रही है। इसे ग्रामीण भगवान शिव का जलाभिषेक मान रहे हैं।
मंदिर की खासियत यह भी बताई जा रही है कि इसका निर्माण सीमेंट, ईंट और बालू के बजाय पत्थरों की इंटरलॉकिंग तकनीक से हुआ है।
मंदिर के पुजारी दिनेश गिरी ने बताया कि ये घटनाएं सावन महीने से ही शुरू हुई है। अभी भी शिवलिंग उठा हुआ है और चबूतरे से पानी निकल रहा है।
मंदिर में हो रही इन घटनाओं की चर्चा फैलने के बाद दूर-दराज से श्रद्धालु जड़ार पहुंचकर मंदिर का दर्शन कर रहे हैं। वे मान रहे हैं कि ये प्रभु का चमत्कार है।