- शासन ने अपडेशन के साथ जोड़े नए फीचर
- केंद्र पर उपस्थित बच्चों की अपडेट करनी होगी फोटो
- 3164 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित
महराजगंज। बाल विकास विभाग की ओर से संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में अब मनमानी नहीं होगी। इस पर अंकुश लगाने के लिए पोषण ट्रैकर को अपडेट करने के साथ नए फीचर जोड़े गए हैं। अब केंद्र खोलकर मौजूद बच्चों की फोटो भी ट्रैकर पर हर रोज अपडेट करनी होगी फिर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगी।
जनपद में 3164 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। केंद्र को लेकर अक्सर शिकायत मिलती थी कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र तो खुलवा देती हैं, लेकिन घर रहती हैं। अब ऐसा नहीं होगा। पोषण ट्रैकर ही अब उनकी निगरानी करेगा, जिससे केंद्र से 100 मीटर परिधि में कार्यकर्ता का रहना अनिवार्य है। पोषण ट्रैकर एप अपडेट होने से यह व्यवस्था पूर्ण रूप से प्रभावी कर दी गई है।
विभाग का कहना है कि एप से कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर निगरानी हो सकेगी। 100 मीटर की सीमा तय करने और बच्चों की उपस्थिति का डिजिटल रिकार्ड से केंद्र नियमित खुलेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय होगी और समय से केंद्र खोलकर बच्चों को उचित देखभाल व शिक्षित
किया जाएगा।
नए प्रावधान से केंद्र खुलने के बाद वहां उपस्थित बच्चों का फोटो पोषण ट्रैकर एप पर अपलोड करना होगा। उसके बाद कार्यकर्ता उपस्थिति दर्ज कर सकेंगी। इस कदम से बच्चों की उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा गुणवत्ता सुधार के साथ पारदर्शिता भी आएगी।
- दुर्गेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी