महराजगंज। जनपद के लोगों को जल्द ही आधुनिक स्विमिंग पूल की सुविधा अपने ही जिले में मिलने वाली है। नगर पालिका परिषद द्वारा नवयुग योजना के तहत धनेवा स्थित जिला स्टेडियम परिसर में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया विकसित करने की योजना तैयार की गई है। स्विमिंग पूल का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। डीपीआर तैयार होने के बाद इसे शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
प्रस्तावित परियोजना के तहत पूल 50 मीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। यह पूल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होगा, जिससे भविष्य में जिले में तैराकी प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा सकेगा। अभी तक जनपद में सार्वजनिक उपयोग के लिए कोई आधुनिक स्विमिंग पूल उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण तैराकी सीखने या अभ्यास करने के इच्छुक लोगों को गोरखपुर अथवा अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है।
बच्चों के लिए बनेगा किड्स स्विमिंग पूल
परियोजना में बच्चों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। छोटे बच्चों के लिए अलग से किड्स स्विमिंग पूल बनाया जाएगा, ताकि अभिभावक सुरक्षित वातावरण में अपने बच्चों को तैराकी सिखा सकें। इसके अलावा पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। स्विमिंग पूल परिसर के पास ही आधुनिक कैफेटेरिया का भी निर्माण प्रस्तावित है। यहां आने वाले लोग तैराकी का आनंद लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। इससे यह परिसर खेल और मनोरंजन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
प्रशिक्षकों की होगी तैनाती
परियोजना के संचालन के लिए प्रशिक्षित तैराकी प्रशिक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी। प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चे, युवा और बड़े सभी सुरक्षित तरीके से तैराकी सीख सकेंगे। इससे जिले में तैराकी को खेल के रूप में भी बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा। जिला प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी। नियमित तैराकी से शारीरिक फिटनेस में सुधार होगा और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
जनपद के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल है। जनपद में अब तक एक भी आधुनिक स्विमिंग पूल नहीं था। लोगों के स्वास्थ्य, खेल और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कराई जा रही है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
गौरव सिंह सोगरवाल, जिलाधिकारी महराजगंज