महराजगंज। जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अच्छी सौगात मिलने जा रही है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को 74 तरह की जांच की सुविधा मिलेगी। इनमें एक्सरे, ईसीजी, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, ब्लड प्रोफाइल, थायरॉयड, शुगर, टीबी, सिकलसेल, स्क्रब टाइफस जैसे कई जटिल बीमारियों की जांच निशुल्क की जा सकेगी।
जिले में 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक नगरीय पीएचसी संचालित है। अभी तक अधिकतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर केवल सामान्य ब्लड टेस्ट, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों की जांच ही सीमित स्तर पर हो पाती थी, लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकार की पहल पर नेशनल हेल्थ मिशन के तहत यह सभी जांचें चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही हैं।
इससे मरीजों को जिला अस्पताल या निजी लैब की ओर भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इन नई जांच सेवाओं में ब्लड शुगर, थायरॉयड, हीमोग्लोबिन, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, यूरिया, क्रिएटिनिन, एलएफटी, केएफटी, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी, कैंसर की शुरुआती जांच, एचसीजी (प्रेग्नेंसी टेस्ट), डेंगू, मलेरिया, स्क्रब टाइफस, सिकलसेल जैसी प्रमुख जांच शामिल हैं। इसके अलावा माइक्रोस्कोपिक, माइक्रोबायोलॉजिकल व पैथोलॉजिकल जांचें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। संवाद