स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आपत्तिजनक भोजपुरी गाने पर बच्चियों के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट के प्रधानाध्यापक दुर्गेश श्रीवास्तव और प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट के प्रधानाध्यापकों को नोटिस
महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट परिसर में आपत्तिजनक भोजपुरी गाना बजाने के मामले में जांच शुरू हो गई है। गौरतलब है कि उक्त गाने पर बच्चियां डांस भी कर रही थीं। डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
रविवार को मामला सामने आने के बाद सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर सुदामा ने विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। खंड शिक्षा अधिकारी सोमवार को विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजन और वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों ने संबंधित लोगों से मामले की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया।
पूछताछ के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट के प्रधानाध्यापक दुर्गेश श्रीवास्तव तथा प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट के प्रधानाध्यापक विजय प्रताप को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दोनों प्रधानाध्यापकों से प्रकरण के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में कौन जिम्मेदार है।
खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर सुदामा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों से जानकारी ली गई है। दोनों प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नोटिस का जवाब मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।