संपूर्ण समाधान दिवस में 33 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण
मौके पर पांच मामलों का निस्तारण किया गया, अधिकारियों ने अपनी जगह भेजे थे प्रतिनिधि
निचलौल। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 13 अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने सख्त कार्रवाई की। नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और सीओ रविंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कुल 33 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें पुलिस विभाग से संबंधित 13, विकास विभाग से 10 और राजस्व विभाग से जुड़े 10 मामले शामिल रहे। मौके पर पांच मामलों का निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
समाधान दिवस में थाना प्रभारी चौक, सोहगीबरवा, बीडीओ मिठौरा, बीईओ सिसवा, मिठौरा और निचलौल, गन्ना निरीक्षक, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग प्रथम व द्वितीय, सहायक अभियंता विद्युत, सीएचसी अधीक्षक निचलौल और सहायक अभियंता ग्रामीण जल निगम समेत 13 अधिकारी अनुपस्थित रहे। इनमें से कई अधिकारियों ने अपनी जगह प्रतिनिधियों को भेजा था।
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल है। इसमें शोषित, पीड़ित, गरीब और वंचित लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे मौके पर मौजूद रहकर शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण में सहयोग करें। जिम्मेदारी से पीछे हटने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। समय से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जे की शिकायत
ग्रामसभा खोनहौली निवासी सुभाष कसौधन ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत के सामने सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसकी कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि कब्जे के कारण खेती-किसानी करने में परेशानी हो रही है। मामले में संबंधित विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में तहसीलदार अमित कुमार सिंह, ईओ निचलौल विकास कुमार, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव, एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद समेत राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय : संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनते एसडीएम, सीओ व अन्य अधिकारी।