महराजगंज। परिवहन विभाग ने तीन वर्ष के टैक्स बकाएदारों के लिए ओटीएस योजना चलाई। अब योजना के बाद भी जिन्होंने टैक्स नहीं जमा किया विभाग उनके खिलाफ नोटिस जारी करेगा।
उन्हें 25 मार्च तक वाहन टैक्स जमा करने का अवसर देगा, जिससे टैक्स वसूली के जरिये आय बढ़ाने की रिपोर्ट शासन को जा सके। तीन वर्ष पुराने काॅमर्शियल वाहनों के बकाएदारों के लिए ओटीएस योजना नवंबर से 5 फरवरी तक प्रभावी रखी गई। योजना से ब्याज में छूट का लाभ दिया जा रहा था, लेकिन 801 टैक्स बकाएदारों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई, जिससे बकाया बना हुआ है।
अब विभाग इन्हें टैक्स भुगतान हर हाल में 25 मार्च तक पूर्ण करने के लिए नोटिस जारी करेगा, जिससे वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले टैक्स जमाकर आय में वृद्धि दर्ज कराई जा सके। नोटिस तैयार करने की प्रक्रिया प्रभावी की गई है।
नोटिस का जवाब देकर बकायेदारों को यह बताना होगा कि वह 25 मार्च से पहले किस तारीख को टैक्स जमा कर रहे हैं। नोटिस न लेने वाले व नोटिस लेकर जवाब न देने वालों के वाहन का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।