निचलौल। क्षेत्र के मुसहर बस्तियों में संचालित सरकारी स्कूलों में तैनात शिक्षकों की मनमानी के चलते शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो गई है। अमर उजाला टीम ने नौ मई को चार सरकारी स्कूलों की पड़ताल की तो शिक्षकों की लापरवाही उजागर हुई। 10 मई के अंक में ''''नहीं दिखे गुरु जी, बच्चे ढो रहे थे पेंट की बाल्टी'''' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए बुधवार को बीईओ आनंद कुमार ने चारों स्कूलों के शिक्षकों को नोटिस भेजकर तीन के अंदर जवाब मांगा है। जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
खंड शिक्षा अधिकारी आनंद कुमार मिश्रा ने कहा की मुसहर बस्तियों में संचालित होने वाले प्राथमिक विद्यालय शीतलापुर भट्ठी टोला, संविलियन विद्यालय शीतलापुर, प्राथमिक विद्यालय बैठवलिया और प्राथमिक विद्यालय बहुआर कला में तैनात शिक्षकों की ओर से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के नाम पर मनमानी की जा रही है। इसका जीता जागत उदाहरण अखबार की तस्वीर है।
इससे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हो रही है। इन विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। समय से जवाब न देने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।