बीईओ की आख्या के आधार पर बीएसए ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
परतावल। विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय कुड़वा उर्फ मुड़कटिया में तैनात सहायक अध्यापक दिनेश चंद्र विश्वकर्मा पर सरकारी अभिलेख में कथित हेरफेर का आरोप लगा है। मामले में बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब न मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी परतावल की 29 जून की आख्या में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोलई प्रसाद ने प्राथमिक अनुभाग में छात्र संख्या 122 के स्थान पर वास्तविक संख्या 108 दर्ज किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि बीईओ ने उस पत्र पर केवल अग्रसारित लिखकर हस्ताक्षर किए थे लेकिन कार्यालय में प्रस्तुत किए जाने से पहले उसमें संस्तुति सहित शब्द जोड़ दिया गया।
आरोप है कि सहायक अध्यापक सुभाषचन्द्र विश्वकर्मा, जिन्हें दिनेश चन्द्र विश्वकर्मा का सहोदर भाई बताया गया है के समायोजन सूची में दिव्यांगता संबंधी प्रार्थना पत्र में भी अग्रसारित शब्द से पहले संस्तुति सहित जोड़कर उसे बीएसए कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। नोटिस में कहा गया है कि बीईओ परतावल ने इस मामले में पहले भी शिक्षक से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था लेकिन कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसे अनुशासनहीनता और विभागीय आदेशों की अवहेलना मानते हुए बीईओ ने कार्रवाई की संस्तुति की। इसके बाद बीएसए ने अंतिम अवसर देते हुए एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्ट जवाब मांगा है। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।