महराजगंज। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत नो मैपिंग, मतदाता नाम की त्रुटि, पिता के नाम में गड़बड़ी, उम्र और पते से जुड़ी विसंगतियों को लेकर बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 4,37,680 ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनके अभिलेखों में किसी न किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है या जिन्होंने वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंधित विवरण उपलब्ध नहीं कराया है। इन सभी मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनसे संबंधित अभिलेख प्राप्त कर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक 3,72,506 मतदाताओं के लिए नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं, जिन्हें संबंधित मतदाताओं को उपलब्ध कराया गया है। इनमें से 6 फरवरी तक एआरओ और ईआरओ स्तर पर कुल 66,979 नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए गए अभिलेखों की जांच के बाद 32,496 मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
एसआईआर अभियान के दौरान सामने आई विसंगतियों में कई मामलों में मतदाता के स्थान पर पिता का नाम दर्ज होना, नाम की स्पेलिंग में त्रुटि, उम्र में असंगति, पता गलत होना या नो मैपिंग की स्थिति पाई गई है। ऐसे मामलों में मतदाताओं को नोटिस जारी कर उन्हें संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध किया जा सके और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से गलत तरीके से न हटे।
12,521 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी
फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में कुल 80,320 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना है। इनमें से 54,758 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब तक 12,521 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। सुनवाई के दौरान इन मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए अभिलेखों का ईआरओ स्तर पर सत्यापन किया गया है।
83,843 मतदाताओं को नोटिस जारी
नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में कुल 83,843 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना है। इनमें से 70,580 मतदाताओं के लिए नोटिस जनरेट कर उन्हें जारी किया जा चुका है। इस क्षेत्र में अब तक 10,592 मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है। सुनवाई के बाद प्रस्तुत अभिलेखों की जांच के उपरांत 4,742 मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
5,385 मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन
सिसवा विधानसभा क्षेत्र में कुल 91,038 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना है। इनमें से 80,971 मतदाताओं के लिए नोटिस जनरेट कर संबंधित मतदाताओं को जारी किए जा चुके हैं। अब तक 13,634 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। इसके सापेक्ष 5,385 मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों का सत्यापन कर लिया गया है।
सदर में 17,451 नोटिसों की सुनवाई हो चुकी
सदर विधानसभा क्षेत्र में कुल 90,518 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना है। इनमें से 75,912 नोटिस जनरेट कर मतदाताओं को जारी किए जा चुके हैं। इस क्षेत्र में अब तक 17,451 नोटिसों की सुनवाई हो चुकी है। सुनवाई के बाद 9,771 मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन पूरा किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सदर क्षेत्र में सुनवाई की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है, और आने वाले दिनों में सत्यापन की प्रक्रिया और तेज की जाएगी।
7,720 मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन पूरा
पनियरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 91,961 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना है। इनमें से 90,285 नोटिस जनरेट कर संबंधित मतदाताओं को जारी किए जा चुके हैं। यहां अब तक 12,781 नोटिसों की सुनवाई की गई है, जबकि 7,720 मतदाताओं के अभिलेखों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
एसआईआर अभियान के तहत नोटिस जारी किए गए नोटिस की सुनवाई के दौरान प्राप्त सभी अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है और सत्यापन के बाद ही अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इससे आगामी चुनावों में पारदर्शिता बनी रहेगी। एसआईआर अभियान को लेकर जिले भर में निर्वाचन विभाग की टीम जुटी हुई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी विसंगतियों का समाधान कर लिया जाएगा।
संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी