फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फुलमनहां ग्राम सभा स्थित अंबेडकर पार्क जाने वाली नहर की पटरी पर कब्जे के मामले में प्रशासन ने 16 लोगों को नोटिस दिया है। कुछ ग्रामीणों ने पटरी पर अवैध निर्माण करा लिया है। पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मंगलवार को मौके पर पैमाइश कराई गई। जिलेदार नौतनवा शैलेश कुमार भारती एवं सिंचाई विभाग के प्रवेक्षक रमेश की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कुल 16 लोगों ने नहर की पटरी पर लगभग 3 से 5 फीट तक अवैध निर्माण कर रखा है। इसके अलावा कुछ लोगों ने अपने घरों के पानी की निकासी के लिए नहर की ओर पाइप भी लगाया है।
जिलेदार ने बताया कि सभी संबंधित 16 लोगों को नोटिस जारी कर निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द अवैध निर्माण हटाकर जमीन खाली करें और पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करें। अन्यथा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पैमाइश के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक पटवा, पूर्व प्रधान अमित पासवान, रामू बौद्ध, जयसिंह, जोगमन भारती, मनीष कुमार, सिकंदर यादव, परमेश्वर, बबलू यादव सहित जन कल्याण समिति के पदाधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।