महराजगंज। जिले के 13 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने संबंधित ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने और स्पष्टीकरण साक्ष्यों सहित प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
डीपीआरओ ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और संबंधित सचिवों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उसमें राजधानी, भगवतनगर परसिया, बभनौली, धर्मपुर बेलवा बुजुर्ग, पडरी उर्फ मीरगंज, हरपुर पकड़ी, पतरेगवा, बेलवा टीकर, कजरी, काश्तखैरा, कमासिन बुजुर्ग और गजरहा शामिल हैं।
निदेशक पंचायती राज, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से वर्ष 2024-25 में अनुदान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थलों के विकास के लिए इन पंचायतों को कुल 24.36 लाख की धनराशि हस्तांतरित की गई थी और निर्देश था कि अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्य 31 मार्च 2025 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए, लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी पंचायतों की ओर से कार्य पूर्ण नहीं कराया गया।
डीपीआरओ ने इसे शासन की मंशा के खिलाफ बताते हुए गहरी नाराजगी जाहिर की और इन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और संबंधित सचिवों जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यह लापरवाही अत्यंत खेदजनक है। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने निर्देश दिया है कि यदि संबंधित पंचायतें एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण कर स्पष्टीकरण नहीं देतीं, तो ग्राम प्रधानों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।