नौतनवा। जोत रकबा से अधिक खाद की खरीद करने वाले किसानों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। एसडीएम नवीन प्रसाद ने नौतनवा तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ऐसे 117 किसानों को नोटिस जारी किया है जिन्होंने जोत रकबा से अधिक खाद ली है। यदि वे दो दिन के अंदर खरीद के समर्थन में अपना दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए तो किसानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि सरकार के आईएफएमएस पोर्टल के आंकड़ों में 22 से 33 बोरी से भी अधिक उर्वरक की खरीद करने वाले सर्वाधिक किसान नौतनवा क्षेत्र से चिह्नित हुए थे। जिसके बाद से ही लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी।
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम सभा हरदी डाली, भगवानपुर, शेख फरेंदा, बैरिहवा, चकदह, बरगदही, सेवतरी, बैरवा चंदनपुर, धुसवां कला, महदेइया, जमुहरा कला, सुंडी के कुल 117 ऐसे काश्तकारों को चिह्नित किया गया है।
जिनके द्वारा हाल-फिलहाल में दुकानों व साधन सहकारी समितियों से एक से तीन मीट्रिक टन तक खाद की खरीद की गई है।
उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के कुल 117 काश्तकारों को नोटिस जारी कर खाद क्रय किए जाने के संबंध समर्थन में खतौनी की प्रति दो दिन के अंदर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जो काश्तकार खतौनी प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।