निचलौल ब्लॉक में तैनात हैं ये सभी, जियो टैग करा स्पष्टीकरण न देने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय के अधूरे निर्माण पर सोमवार को निचलौल ब्लॉक के 11 ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निर्देशित किया गया कि वे जियो टैग कराते हुए अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। ऐसा न किए जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
निर्देश के बाद भी जिले के अधिकांश ब्लॉकों में अभी तक सामुदायिक शौचालयों, पंचायत भवनों व कामन सर्विस सेंटर का निर्माण पूरा नहीं हो सका। इस पर निचलौल ब्लॉक के 11 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नोटिस जारी किया गयाहै। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने बताया कि निर्माण कार्यों को पूरा कराने को लेकर दायित्वों के प्रति शिथिलता पर निचलौल के 11 ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण न प्रस्तुत करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।