नहीं बना टूटा बांध, विभाग निश्िंचत, किसान परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले बनदेइया बांध की मरम्मत अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र की जनता व किसान परेशान हैं। यह बांध गोरखपुर वन प्रभाग के अधीन है, मगर वन विभाग भी इस बांध की मरम्मत के प्रति गंभीर नहीं है। बांध की मरम्मत न होते देख क्षेत्रीय किसान अपनी अगली खेती को लेकर परेशान हैं।
किसानों का मानना है कि अगर बांध की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात में उनकी खरीफ की फसलें डूब जाएंगी। बनदेइया बांध करीब 6 किमी. लंबा है। जिसमें से करीब 4.50 किमी. हिस्सा वन विभाग के अधीन है और डेढ़ किमी. सिंचाई विभाग के अधीन है। बीते साल अगस्त माह में जब बाढ़ आई तो कई बांधों की भांति वन विभाग के अधीन पड़ने वाला बनदेइया बांध भी टूट गया। इससे सैकड़ों एकड़ फसलें बर्बाद हो गईं। इसके बाद भी गोरखपुर वन प्रभाग द्वारा अभी तक टूटे बांध की मरम्मत काम नहीं शुरू कराया गया। वैसे गोरखपुर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले टूटे बांध की मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग खंड दो के अधिशासी अभियंता की तरफ से 5 करोड़ 24 लाख रुपये की कार्ययोजना वन विभाग को दी गई है। मगर वन विभाग ने धनाभाव का रोना रोकर टूटे बनदेइया बांध को उसी तरह से छोड़ दिया है। इससे क्षेत्रीय जनता व किसान परेशान है। उधर, फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि बनदेइया बांध की मरम्मत सिंचाई खंड दो कराएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने स्वयं निर्णय लिया है। बांध की मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग अगली कार्रवाई में जुट गया है।