सीएमओ कार्यालय और सदर सीएचसी में साफ पानी का इंतजाम नहीं
महराजगंज। सीएमओ कार्यालय और सदर सीएचसी में जरूरी कार्य से आने वाले लोगों को पेयजल के लिए दिक्कतों को सामना करना पड़ता है। परिसर में लगा हैंडपंप दूषित जल दे रहा है। जिससे लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। लोगों ने कहा कि अगर प्यास लगती है तो खरीद कर पानी पीना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार प्रतिदिन 200 से अधिक लोग अपनी समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए सीएमओ कार्यालय आते हैं। इन्हें प्यास लगती है तो परेशानी होती है क्योंकि यहां वाटर कूलर नहीं है। सोमवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोग आते हैं। यहां अधिक भीड़ होती है। सदर सीएचसी में एक छोटा आरओ अधीक्षक के कक्ष में लगा है, लेकिन उसकी क्षमता कम है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीज और तीमारदारों को शुद्व जल नसीब नहीं होता है। भाई का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने आए मदन ने बताया कि प्यास लगी तो इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी पिया। सदर सीएचसी में बेटी को दवा कराने आए मनोज ने बताया कि सदर सीएचसी में पेयजल की परेशानी है। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि जल्दी ही हैंडपंप को ठीक कराने के साथ ही जरूरी इंतजाम किए जाएंगे, जिससे शुद्ध जल की समस्या न हो।