तामझाम से खुले स्वास्थ्य उपकेंद्र, गांव वालों को पता ही नहीं कहां मिलेगी दवा
लक्ष्मीपुर क्षेत्र में बंद रहते हैं कई स्वास्थ्य उपकेंद्र, नहीं पहुंचते स्वास्थ्य कर्मी
महराजगंज। गांव के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लक्ष्मीपुर क्षेत्र में 13 उप स्वास्थ्य केंद्र किराए के कमरों में खोले गए हैं, लेकिन केंद्र कहां है, इसकीजानकारी ग्रामीणों को नहीं है। केंद्र पर अक्सर ताला लटका रहते हैं।
लक्ष्मीपुर क्षेत्र में पांच दिसंबर को 13 स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन हुआ है, लेकिन इनका संचालन ठीक से नहीं हो पा रहा है। ग्राम पंचायत बैरवा जंगल, टेढ़ी, धोतियाहवा, परसौनी कला, मोगलहा, कोल्हुआ, विशुनपुर कुर्थिया, देवपुर, अचलगढ़, पोखरभिंडा, करैलिया, बैजनाथपुर चरका में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए हैं। कोल्हुआ में मकान ही नहीं मिल पाया है। यहां फाइल में उपकेंद्र संचालित है। बैजनाथपुर चरका का उपकेंद्र भैसहिया चौराहे के पास एक किराए के मकान में खोला गया है, लेकिन ताला ही बंद रहता है। पड़ताल में देवपुर का उपकेंद्र भी बंद मिला। यही हाल उपकेंद्र मोगलहा का भी है। सीएचसी लक्ष्मीपुर के अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय ने बताया कि सभी उपकेंद्रों पर नियमानुसार स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन हो रहा है।
एएनएम को मिली उपकेंद्र की जिम्मेदारी
लक्ष्मीपुर विकास खंड के 96 ग्राम पंचायतों में पहले से 24 स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं। 13 नवीन उपकेंद्र किराए के भवन में है। इसकी जिम्मेदारी एएनएम को दी गई है। स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर 15 स्थायी व 20 संविदा पर एएनएम की तैनाती हुई हैं। आठ नए उपकेंद्रों पर आलमारी, कुर्सी आदि सीएचसी लक्ष्मीपुर से चली गई है। केंद्र खुलने का समय सुबह 10 से शाम चार बजे तक है, लेकिन टीकाकरण अभियान के कारण केंद्र खुलने का समय परिवर्तित कर दिया जाता है।
ग्राम प्रधान को भी पता नहीं कहां हैं उपकेंद्र
मोगलहा के ग्राम प्रधान अशफाक खान ने बताया कि उन्हें खुद नहीं पता कि उनके गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र कहां हैं और कब नए उपकेंद्र का उद्धघाटन हुआ है। मोगलहा के इंदल सहानी ने बताया कि गांव के भरवलिया टोला में कुंज बिहारी के मकान में कुछ दिन पहले सेंटर का उद्घाटन हुआ था, लेकिन अब वहां कोई नहीं दिखता। कोल्हुआ निवासी ओमप्रकाश चौरसिया ने बताया कि गांव में किस जगह उपकेंद्र है, पता नहीं है। ग्राम पंचायत देवपुर निवासी प्रेम राय ने बताया कि गांव के नए उपकेंद्र में ताला लगा रहता है।
उपकेंद्रों को समय से खोलने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं लापरवाही हो रही है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रयास जारी है।
डॉ. एके श्रीवास्तव, सीएमओ