स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नौ स्कूली बसों का चालान कर 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान टीम ने स्कूल बसों की फिटनेस, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, इमरजेंसी विंडो और फर्स्ट एड बॉक्स सहित सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। वहीं छात्रों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट के प्रयोग और यातायात नियमों के महत्व की जानकारी दी।
यातायात निरीक्षक अरूणेन्द्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कुल नौ स्कूली बसों का चालान किया गया और संबंधित वाहन स्वामियों पर 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी स्कूली वाहनों के खिलाफ इसी तरह नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।