बुखार से पीड़ित नौ बच्चे अस्पताल में भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज (ब्यूरो)। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में रविवार को बुखार से पीड़ित 9 मरीज भर्ती मिले। यह सभी बीते एक सप्ताह के अंदर अस्पताल में भर्ती हुए हैं। डाक्टरों के मुताबिक मौसम में आए बदलाव के कारण बच्चों पर इसका ज्यादा असर दिख रहा है। इसमें सभी मरीज 14 वर्ष से कम उम्र के हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीज अंश की मां रीता ने बताया कि बच्चे को करीब दो सप्ताह से बुखार हुआ है। पहले तो हल्का बुखार हुआ तो नजदीक के चौराहे से दवा मंगवाईं। बुखार ठीक नहीं हुआ तो पनियरा पीएचसी ले गईं। जहां डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसी बेड के बगल में मरीज अर्पिता (1) निवासी लक्ष्मीपुर भर्ती हैं। मरीज की मां परमशीला ने बताया कि करीब 12 दिन पहले बुखार हुआ तो पास के ही एक निजी अस्पताल में दिखाया। राहत नहीं मिली तो यहां भर्ती कराया गया। वहीं 18 मई से भर्ती अंशिका के पिता सोनू ने कहा कि बुखार होने पर चौक पीएचसी ले गए। ठीक न होने पर डॉक्टरों ने यहां भेज दिया। तीन दिन से भर्ती हैं। इसी वार्ड में ओम नारायण (8), सत्यम (11 माह), अमित (4), हर्ष (2), निखिल (5), रिंका (2) भी भर्ती हैं। जो बुखार से पीड़ित हैं। प्रभारी सीएमएस डॉक्टर एके राय ने कहा कि भर्ती सभी बच्चों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है।