फुटपाथ पर सजे बाजार जिम्मेदार बेपरवाह
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शहर में इन दिनों सड़कों की जमीन पर अतिक्रमण बढ़ गया है। कहीं ठेला लगाने वाले अतिक्रमण कर ले रहे हैं तो कहीं वाहन सड़क के किनारे खड़ी कर दिए जाने से अतिक्रमण की समस्या गंभीर हो गई है। इस समस्या के समाधान के प्रति यातायात पुलिस और नगर पालिका प्रशासन गंभीर नहीं है।
कभी-कभी तो अतिक्रमण के कारण लोगों के लिए रास्ते में चल पाना भी मुश्किल हो जाता है। गोरखपुर रोड, कॉलेज रोड, फरेंदा रोड, जिला अस्पताल के पास ठेले सड़कों के किनारे लगे रहे हैं। अस्पताल के आसपास तो सड़क के किनारे वाहन छोड़कर लोग चले जाते हैं। इससे लोगों को आवागमन में समस्या होती है। उधर, सड़क की पटरियों पर ठेले खोमचा लगाने वालों का कब्जा है तो बाकी जगह दुकानदार सड़क के किनारे तक सामान रख कर ग्राहकों को आकर्षित करने में जुटे हैं। उन्हें आम राहगीरों की समस्या से कोई वास्ता नहीं है। कस्बे की सड़कों पर इन दिनों दुकानदारों व ठेला लगाने वालों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। औरतों, बच्चों व बुजुर्गों सहित अन्य लोगों को मजबूरन फुटपाथों पर जगह न मिलने के कारण सड़कों पर चलना पड़ता है, जिससे वह आए दिन दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं।नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल का कहना है कि नगर में सड़कों के किनारों पर फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने के लिए दुकानदारों को हमेशा जागरूक किया जाता है। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाए भी जाते हैं। अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर में फिर से अभियान चलवाकर कार्रवाई कराई जाएगी। यातायात उप निरीक्षक ने बताया कि नगर में अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। साथ ही फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने के लिए जागरूक भी किया जाता है। ठेले एवं वाहन खड़ा करने वालों का चालान किया जाता है। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाये रखने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए फिर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।