महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले में बीएसएनएल की सेवाएं और बेहतर होंगी। बार्डर क्षेत्र व सुदूरवर्ती गांव जहां नेटवर्क की समस्या बनी रहती है वहां के 25 टावरों को डिजिटल इंडिया के तहत अपग्रेड कराएगा।
टावरों के अपग्रेड होने के बाद इन क्षेत्रों में न सिर्फ बीएसएनएल का नेटवर्क मजबूत हो जाएगा बल्कि नेपाल की दूरसंचार सेवा नमस्ते नेपाल की फ्रिक्वेंसी भारतीय क्षेत्रों में अतिक्रमण नहीं कर पाएगी।
दूरसंचार विभाग ने पिछले माह आकर्षक प्लान देने व टैरिफ रिचार्ज मूल्यों में कमी करते हुए अपने ग्राहकों की संख्या बढ़ाई है। निजी कंपनियों के महंगे प्लान के कारण एक बार फिर लोगों ने बीएसएनएल को हाथों हाथ लेते हुए अपने नंबर को बीएसएनएल में पोर्ट कराया। कस्बा ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके तहत ग्राहक बनाए गए, लेकिन ग्रामीण इलाकों में खासकर नौतनवां व निचलौल तहसील में नेपाल के सीमावर्ती गांव में नेटवर्क की दिक्कत अधिक थी।
यहां नेपाली दूरसंचार कंपनी नमस्ते नेपाल के टावर 4 जी फ्रिक्वेंसी के कारण पकड़ते थे और बीएसएनएल टावर अपग्रेड न होने के चलते 3जी सेवा देने के कारण नेपाली कंपनी की फ्रिक्वेंसी भारतीय क्षेत्र में बाधित नहीं कर पा रहे थे। अब बीएसएनएल डिजिटल इंडिया के तहत इन गांव में 4जी सेवा उपलब्ध कराएगी। सुदूरवर्ती गांव के 25 टावर 4जी में अपग्रेड कराएगा।