महराजगंज। जिले में शीतलहर और ठंड के मौसम को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। रविवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने नगर पंचायत चौक में निर्माणाधीन गोशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी और निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
एडीएम ने स्पष्ट कहा कि गोशाला निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री और कार्य की गति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ईओ को निर्देशित किया कि नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि कार्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
एडीएम ने स्पष्ट किया कि गोशालाओं में पशुओं के लिए तिरपाल, पर्याप्त भूसा, स्वच्छ पेयजल और हरे चारे की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। किसी भी गोशाला में संसाधनों की कमी पाए जाने पर तत्काल व्यवस्था कराई जाए, ताकि ठंड के मौसम में पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी प्रकार रैन बसेरों में ठहरने वाले बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम ने कहा कि रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को सुरक्षित और सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे ठंड से बच सकें।