थानेदार ने मातहतों को क्षेत्र में गश्त तेज कर पल-पल की गतिविधियों पर पैनी निगाह बनाए रखने के दिए निर्देश
नौतनवा। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में सांप्रदायिक तनाव और कर्फ्यू को देखते हुए सीमावर्ती थाना नौतनवा की पुलिस भी अब अलर्ट मोड पर है। रविवार को थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने सभी चौकी प्रभारियों, उपनिरीक्षकों एवं सिपाहियों को क्षेत्र में लगातार गश्त तेज करते हुए पल-पल की गतिविधियों पर पैनी निगाह बनाए रखने और स्थिति से अपडेट करते रहने के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मंदिर पर हमले की अफवाह को लेकर नेपाल के कपिलवस्तु जिले में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई है। ऐसे में नौतनवा के सीमावर्ती क्षेत्र होने और नवरात्रि को देखते हुए पुलिसकर्मियों को चौकन्ना रहने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि समस्त पुलिसकर्मी क्षेत्रवार अपने यहां के संभ्रांत नागरिकों से मिलकर पुलिसिया सामंजस्य को और बेहतर बनाएं, ताकि बिना किसी हिचक के लोग पुलिस तक अपनी बात सीधे तौर पर पहुंचा सकें। इससे कि समय रहते पुलिस की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा सकें।