महराजगंज। काठमांडो जाने में समस्या हो रही है। दाउने के पास ट्रकों का जाम लगा है। वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को निकाला जा रहा है। वहीं पर्यटक भी रूट बदलकर आ-जा रहे हैं।
मार्ग अवरूद्ध होने के कारण भारतीय पर्यटकों की संख्या में भी कमी आई है। ज्यादातर पर्यटक बुटवल, पोखरा, लुंबिनी समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। काठमांडो से आने वाले पर्यटक दूसरे रास्ते से गंतव्य की ओर से जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुटवल-नारायणगढ़ मार्ग खंड के अंतर्गत नवलपरासी (बरदाघाट सुस्तापुरवा) में नदी के तेज बहाव के कारण बार-बार डायवर्जन बह जा रहा है। इससे समस्या बढ़ जा रही है। इस वजह से बिनई नदी पर डायवर्जन का निर्माण अब नहीं किया जाएगा।
सोमवार को डुमकीबास पुल ढह जाने के बाद डायवर्जन से आवागमन हो रहा था, लेकिन अब नदी में आई बाढ़ के पानी के तेज बहाव के बाद डायवर्जन का निर्माण नहीं किया जाएगा। नवलपरासी (बरदाघाट सुस्तापुरवा) के मुख्य जिला अधिकारी भविश्वर पांडेय ने बताया कि डायवर्जन का निर्माण दोबारा न करने का निर्णय लिया गया।
बारिश के कारण डायवर्जन पर बार-बार पानी भर जाने की समस्या हो रही है। दुमकीबास पुल को 30 जून से संचालित किया जा सकता है। इसलिए तब तक वैकल्पिक सड़क का उपयोग करना होगा। दुमकीबास पुल के विकल्प के रूप में हल्के वाहन सरदी से दुमकीबास बाजार तक हांगसी सीमेंट गेट के रास्ते से सड़क का उपयोग कर रहे हैं। मालवाहक वाहनों को पूरी तरह से रोक दिया गया है। बारिश शुरू होने के साथ, दाऊने क्षेत्र में सड़क फिसलन और कीचड़ वाली हो गई है, इसलिए उस क्षेत्र में अभी भी अवरोध है।
बारिश के कारण, वर्तमान समय में उक्त खंड में वाहन नहीं चलाए जा सकते हैं। इसकी मरम्मत की जानी चाहिए, मरम्मत का काम जल्द शुरू होना चाहिए। अन्यथा वर्तमान समय में इस सड़क पर बड़े वाहन नहीं चलाए जा सकते हैं।