परतावल। नगर पंचायत परतावल बाजार में बुधवार को भीषण जाम लगने से आवागमन व्यवस्था चरमरा गई। दोपहर करीब तीन बजे से ही बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक फंसी रही। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने को लेकर चिंता बनी रही।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे परतावल बाजार में अचानक वाहनों की भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था। इस दौरान एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस के फंसे रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। जाम के कारण जरूरी काम से निकले लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।
शाम करीब पांच बजे पुलिस परतावल पहुंची और जाम को छुड़ाने में लग गई। करीब सवा एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम छूटा, तब जाकर शाम सवा छह बजे आवाजाही सुगम हो सकी। परतावल बाजार क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बनने से स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बाजार में वाहनों की बढ़ती संख्या और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी उस समय होती है, जब जाम में एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन फंस जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि आम लोगों को जाम से राहत मिल सके और आपातकालीन वाहनों को बिना रुकावट रास्ता मिल सके।
इस संबंध में थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए पर्याप्त पुलिस की तैनाती की जाती है।
जाम की समस्या से कारोबार प्रभावित, ग्राहक लौटने को मजबूर
- दुकानदारों को हो रहा नुकसान, परतावल बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांगा
परतावल। नगर पंचायत परतावल बाजार में जाम की समस्या का असर अब कारोबार पर भी पड़ने लगा है। आए दिन लगने वाले जाम के कारण दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहक जाम में फंसने के डर से दुकानों तक पहुंचने से कतराते हैं। वहीं, कई ग्राहक चाहकर भी रुक नहीं पाते और बिना खरीदारी किए ही लौट जाते हैं।
परतावल बाजार में कपड़े, किराना, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवा, मिठाई, सब्जी सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें हैं। इन दुकानों पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। लेकिन बाजार में जाम लगने से ग्राहकों को आवागमन में परेशानी होती है। इससे दुकानदारों की बिक्री पर असर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में जाम की समस्या के चलते ग्राहकों का रुकना मुश्किल हो जाता है।
लोग जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार तो आते हैं लेकिन रास्ते में जाम देखकर जल्दी वापस लौटने की कोशिश करते हैं। इससे छोटे-बड़े सभी कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रण, सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर रोक और अतिक्रमण हटाने से जाम की समस्या कम हो सकती है।
बोले लोग
परतावल में हो रही जाम की समस्या से कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। ग्राहक चाहकर भी रुक नहीं पा रहे हैं जिससे काफी नुकसान का सामना करना पड़ता है।
- सुनील पांडेय, व्यवसायी
-जाम की समस्या से लगभग हर दिन जूझना पड़ता है। सीएचसी में दवा इलाज कराने के लिए जाने के लिए जाम में फंसने से काफी देर हो जाता है।
- चरणेंदु पटेल, समाजसेवी