एक लाज और टेंपो स्टैंड पर पुलिस से मिलीभगत कर वाहनों को आगे निकालने का आरोप
मालगोदाम से आने वाले वाहनों को बिना रोकटोक भेजने का आरोप, ट्रक चालकों ने किया हंगामा
सोनौली। नेपाल सीमा पर मालवाहक वाहनों की करीब 17 किलोमीटर लंबी कतार ने चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। घंटों से कतार में खड़े वाहनों के बीच अब कटिंग का खेल शुरू होने का आरोप सामने आया है। ट्रक चालकों का आरोप है कि दलाल दो से तीन हजार रुपये लेकर कतार में पीछे खड़े वाहनों को आगे निकाल रहे हैं। इसके लिए पुलिस पिकेट पर तैनात कर्मियों से कथित मिलीभगत की जा रही है।
चालकों के अनुसार सोनौली एसएसबी रोड स्थित एक लाज और सोनौली टेंपो स्टैंड के आसपास कटिंग का खेल अधिक सक्रिय है। आरोप है कि दलाल पुलिसकर्मियों से संपर्क कर वाहनों को कतार से बाहर निकालकर आगे भेज रहे हैं। वहीं नौतनवा मालगोदाम से आने वाले मालवाहक वाहनों को बिना रोकटोक आगे बढ़ाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे कतार में कई दिनों से खड़े चालकों को व्यवस्था में भेदभाव होने का अहसास हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि रैक की गाड़ियों को कस्टम के कहने पर छोड़ा जा रहा है जबकि कस्टम के अधिकारियों ने बताया कि रैक की गाड़ियों के अतिआवश्यक समान के लिए कस्टम लेटर जारी करता है गाड़ी नंबरों के साथ सिर्फ उन्हीं गाड़ियों को बिना लाइन में जाने की अनुमति थी। इधर एक महीने से कोई लेटर जारी नहीं किया गया है।
बुधवार शाम करीब सात बजे न्यू बाबा लाज (एसएसबी रोड) पर कटिंग को लेकर ट्रक चालकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में चालकों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि एक ओर उनके वाहन लंबी कतार में फंसे हैं, वहीं रुपये लेकर कुछ वाहनों को आगे निकाल दिया जा रहा है। चालकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर समान व्यवस्था लागू कराने की मांग की।
मामले में सोनौली थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने बताया कि कटिंग कराने की शिकायत उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी कराई जाएगी। कटिंग कराने वाले दलालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।