नौतनवा। रेलवे स्टेशन नौतनवा परिसर से बुधवार को अपनी मां को ट्रेन में बैठाने गए युवक की बाइक चोरी हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, परसामलिक थाना क्षेत्र के गांव सेवतरी टोला परसा निवासी संजय यादव अपनी मां को बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे इंटरसिटी ट्रेन में बैठाने नौतनवा रेलवे स्टेशन पर गए थे। वह अपनी बाइक रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर खड़ी कर मां को ट्रेन में बिठाने चले गए। कुछ ही देर बाद वापस लौटने पर बाइक नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया बाइक चोरी की सूचना मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।