- पहली घटना कोठीभार थानाक्षेत्र के खेसरारी देवियापुर गांव का
- तो दूसरी घटना कोठीभार थाना क्षेत्र के गंडक नदी के छितौनी घाट में हुई
सिसवा। क्षेत्र में अलग-अलग हादसे में बच्चे व किशोर की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना में कोठीभार थानाक्षेत्र के लोहेपार में गड्ढे में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना कोठीभार थानाक्षेत्र के गंडक नदी के छितौनी घाट पर मां के साथ नहाने गए किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खेसरारी देवियापुर निवासी बब्लू सिंह का इकलौता पुत्र कृष्णा (16 वर्ष) शनिवार को जीवितपुत्रिका व्रत पर अपनी मां मीना के साथ छोटी गंडक नदी के छितौनी घाट पर नहाने गया था। नहाते समय कृष्णा का पैर फिसला और डूबने लगा। आंखों के सामने बेटे को डूबता देख मां चिल्लाने लगी। इस पर स्थानीय लोगों ने किशोर को नदी से निकाल कर तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
कृष्णा के बाबा सिंहासन सिंह ने बताया कि किशोर के पिता बबलू सिंह गुजरात में मजदूरी करते हैं। घटना की उनको जानकारी दे दी गई है। सूचना मिलने पर अस्पताल पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना कोठीभार थानाक्षेत्र के सिसवा कस्बे के लोहेपार में हुई। शनिवार की दोपहर अपने साथियों साथ खेलते हुए 12 वर्षीय किशन खेत की ओर चला गया। इसी दौरान वह बरसात के पानी से भरे गड्ढे में गिरकर डूबने लगा। उसको डूबता देख साथ गए बच्चे चिल्लाने लगे। शोर सुन कर स्थानीय लोगों ने बच्चे को गड्ढे से निकाला और तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के मौसा दूधनाथ ने बताया कि किशन गोरखपुर जनपद के कोतवाली थाना अंतर्गत हजारीपुर निवासी उनके रिश्तेदार अशोक का पुत्र है। अशोक की मौत 10 वर्ष पहले हो चुकी है। किशन की मां पूनम घरों में चौका बर्तन कर अपनी दो लड़की व किशन की परवरिश करती थी। किशन को उनकी मां ने लोहेपार पढ़ने के लिए भेजा था। मगर आधार कॉर्ड नहीं बन पाने के कारण उसका नामांकन नहीं हो पाया था। शनिवार को वह कुछ बच्चों के साथ खेत की तरफ गया था, जहां गड्ढे के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।