उत्कृष्ट कार्य पर मोहद्दीनपुर को मिला मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार
महराजगंज। मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार के लिए भेजे गए ग्रामों को बुधवार को प्राप्त स्थान के मुताबिक धनराशि जारी की गई है। पनियरा ब्लॉक में आदर्श गांव मोहद्दीनपुर को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार के तहत पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उसे सर्वाधिक 12 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
पंचायत राज विभाग ने मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार के लिए जिले के ग्राम पंचायतों की तरफ से प्राप्त आवेदन मांगा था। सभी ग्राम पंचायतों ने विकास के दृष्टिगत सभी बिंदुओं पर विस्तृत रुप से कार्य भी किया। जिला स्तरीय के साथ-साथ राज्य स्तरीय टीम ने ग्राम पंचायतों के भ्रमण के उपरांत अपनी रिपोर्ट जिम्मेदारों को सौंपी। जिसके उपरांत पनियरा क्षेत्र के ग्राम मोहद्दीनपुर को पहला, राजमंदिर को दूसरा, बृजमनगंज के महुलानी ने तीसरा, लक्ष्मीपुर के बैजनाथपुर उर्फ चरका ने चौथा तथा घुघली के भुवना ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। मोहद्दीनपुर को कुल 12 लाख रुपये, राजमंदिर को नौ लाख तथा भुवना को तीन लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। बृजमनगंज के महुलानी व लक्ष्मीपुर के चरका को भी चार लाख से सात लाख के बीच में धनराशि जारी हुई है। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने बताया कि विकास के मुद्दे पर संतृप्त पाए गए पांच गांवों को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार प्राप्त हुआ है। प्राप्त धनराशि ग्राम पंचायतें के विकास में काफी सहायक होगी।
------------------------
पुरस्कार प्राप्त करने वाले जनप्रतिनिधि बोले विकास होगी प्राथमिकता
पहला स्थान प्राप्त करने वाले मोहद्दीनुर के ग्राम प्रधान कतालु ने कहा कि पूर्व प्रधान योगेंद्र के मार्गदर्शन में किए गए कार्यों की बदौलत ही ग्राम पंचायत को पहला पुरस्कार प्राप्त हुआ है, अब विकास के दृष्टिगत अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। वहीं दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले राजमंदिर की प्रधान देयंता देवी ने बताया कि उनके पुत्र अजय पटेल की देखरेख में गांव मेेें हुए विकास कार्य से ही यह सफलता प्राप्त हुई है। आगे भी विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।