कांग्रेस विधायक की गाड़ी हमला कर किया क्षतिग्रस्त
महराजगंज। फरेंदा कस्बे के एक मैरिज हाल के पास शुक्रवार देर रात अराजक तत्वों ने फरेंदा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। घटना के वक्त विधायक गाड़ी में नहीं थे। वाहन क्षतिग्रस्त करने के बाद आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही मौके पर विधायक समर्थकों की भीड़ जुट गई। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार फरेंदा से कांग्रेस पार्टी के विधायक वीरेंद्र चौधरी शादी समारोह में शामिल होने मैरिज हाल पहुंचे थे। कार्यक्रम में तमाम दलों के नेता शामिल होने आए थे। नेताओं की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थीं। इस बीच, अराजक तत्वों ने फरेंदा विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। जानकारी होने पर विधायक तुरंत वाहन के पास पहुंचे। इससे पहले आरोपित फरार हो चुके थे। मामले में पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। सीओ फरेंदा कोमल प्रसाद मिश्र ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है, लेकिन कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो जनता कैसे होगी : विधायक
फरेंदा (महराजगंज)। कांग्रेस पार्टी से फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत में भ्रष्टाचार को उजागर करने के कारण विरोधी बौखला गए हैं। यही वजह है कि युवकों को भ्रमित कर वाहन पर हमला करा रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। यह भी कहा कि जब प्रदेश का जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी?
एक मैरिज हाल के बाहर हुए गाड़ी पर हमले के बाद फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कुछ युवकों को भ्रमित करके जनप्रतिनिधि पर हमला कराया जा रहा है, जोकि गलत है। आज गाड़ी का शीशा तोड़ा जा रहा है, कल जानलेवा हमला भी हो सकता है। मामले में अभी तक स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। घटना के बारे में समर्थकों में काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के भ्रष्टाचार की लड़ाई लगातार लड़ी जा रही है। इसी कारण लोग परेशान हैं। हमेशा जनता के बीच में रहने के कारण भी सत्ता दल के लोगों को परेशानी हो रही है। इस दौरान विनोद गुप्ता, हृदय नारायण पांडे, हनुमान प्रसाद, अजय चौधरी, लालदेव यादव, चरन सिंह चौधरी, महेश ,कलीम इद्रीसी, राजन शुक्ला, स्टैनली खान, दुर्गा अग्रहरि, अमरमणि पासवान, कुंज बिहारी, बबलू चौधरी, प्रवीन यादव आदि मौजूद रहे।