महराजगंज। बरगदवा राजा स्थित फुरसतपुर बाजार में वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने वन मंत्री अरुण सक्सेना से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग उठाई।
विधायक ने बताया कि फुरसतपुर बाजार आसपास के वनटांगिया गांवों, ग्रामीणों और व्यापारियों का प्रमुख केंद्र है। बरसात में सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन प्रभावित हो जाता है। मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और सुविधाओं से जुड़ा विषय है।
जयमंगल कन्नौजिया ने बताया कि वह इस संबंध में पहले ही लखनऊ में अपर मुख्य वन संरक्षक को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए विधायक निधि से धन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी उद्देश्य से वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा भी दिया गया है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और फुरसतपुर बाजार की सड़क का निर्माण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।