परतावल। परतावल-पनियरा मार्ग पर शनिवार को रसोई गैस सिलिंडरों से लदा एक पिकअप स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया। बाद में सिलिंडरों को दूसरे वाहन में लाद कर सुरक्षित भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे राज गैस सर्विस के पिकअप में करीब 64 घरेलू गैस सिलिंडर लादकर मलमलिया उर्फ सिरसिया, हरपुर तिवारी, तरकुलवा उर्फ भटगांवा, जरलहिया, लक्ष्मीपुर, महदेवा समेत आसपास के गांवों में वितरण के लिए ले जाया जा रहा था। मलमलिया उर्फ सिरसिया गांव के पास अचानक पिकअप की स्टेयरिंग फेल हो गई। चालक मुकेश वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।