महराजगंज। सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम सभा अहमदपुर के मौनहिया टोला और गोपी में यादव टोला को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण की आधारशिला रखी गई। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास किया।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में चल रही डबल इंजन की सरकार अब विकास का पर्याय बन चुकी है। गांव, गरीब, किसान और युवाओं के लिए निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सड़क को किसी भी क्षेत्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम होता है, जिसका सीधा लाभ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापार को मिलता है। कार्यक्रम में सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता ने कहा कि इस सड़क के बनने से बरसात में होने वाली परेशानियां खत्म होंगी और गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क मजबूत होगा। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष गिरीश पटेल, जय सिंह, रहमतुल्लाह रब्बानी, रमेश वर्मा, शैलेश वर्मा मौजूद रहे।