फरेंदा। शुद्ध पेयजल योजना के तहत मंगलवार को पचरूखी गांव में विधायक वीरेंद्र चौधरी ने पेयजल परियोजना का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को पहली प्राथमिकता बताते हुए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
विधायक ने कहा कि संक्रामक बीमारी से बचाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को लाभांवित किया जा रहा है। योजना से 8.7 किलोमीटर तक पाइप लाइन से लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। गांव में 640 घरों तक कनेक्शन पहुंच भी चुका है। विधायक ने जल संरक्षण को लेकर गांव के लोगों को शपथ भी दिलाई। जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि गांवों में शुद्ध पेयजल से लोगों को सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम को ग्राम प्रधान बेचन निषाद, सहायक अभियंता महेश चंद और जयप्रकाश लाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान डॉ. राम नरायन चौरसिया, डॉ. अजय चौधरी, चंदन तिवारी, कुंज बिहारी, राजेदव यादव, चुन्नू दूबे आदि मौजूद रहे।