महराजगंज। निचलौल-सिसवा मार्ग पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान राजकुमार (44) पुत्र मधुप, निवासी सिसवा बाजार, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से निचलौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम लालपुर के पास रास्ते में हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक शांति विजय मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है जांच पड़ताल शुरू किया गया है।