कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग
महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को ग्राम कुशहा के ग्रामीणों ने आबादी और धार्मिक स्थल के बीच निर्माणाधीन देसी शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि गांव के बीचोंबीच देसी शराब की दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीण लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।
रत्नेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि प्रस्तावित दुकान स्थल के करीब शिव मंदिर, छठ घाट तथा कई परिवारों के मकान स्थित हैं। इसके बावजूद ठेकेदार के द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर ठेकेदार उन्हें धमकी देता है और किसी भी हाल में उसी स्थान पर शराब की दुकान खोली जाएगी।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में 22 जून को थाना कोल्हुई में प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि आबादी और धार्मिक स्थलों के बीच शराब की दुकान संचालित होती है तो वहां शराबियों की भीड़ जुटेगी, जिससे महिलाओं, युवतियों व श्रद्धालुओं को असुविधा होगी। साथ ही गाली-गलौज, मारपीट और अन्य सामाजिक समस्याओं की आशंका भी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने तथा शराब की दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। साथ ही ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई। ज्ञापन देने के दौरान रत्नेश्वर मणि त्रिपाठी, विनोद साहनी, संत कुमार, उमाशंकर, उमा त्रिपाठी, रमाकांत सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।