सैंथवार मल्ल महासभा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा
परिवार को न्याय के साथ सरकारी नौकरी व आर्थिक मदद देने की मांग उठाई
महराजगंज। सिसवा क्षेत्र के आसमान छपरा निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग की जा रही है। सोमवार को सैंथवार मल्ल महासभा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैथवार ने बताया कि संजय सिंह के पुत्र राहुल सिंह की 14 जुलाई को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित नोवोटेल होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि राहुल ने महज 22 वर्ष की उम्र में बाल वैज्ञानिक के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। राहुल के मौत की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं।
इसलिए मामले की सीबीआई से जांच कराकर मौत की वास्तविक वजह सामने लाई जानी चाहिए। जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होने से ही मृतक के परिवार को न्याय मिल सकेगा। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, वशिष्ठ सिंह, मुनीब सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा, विनोद सिंह, श्रवण विश्वकर्मा, राजकुमार, लाल बहादुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।