गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग
महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष राम अशीष के नेतृत्व में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष राम अशीष ने कहा कि कुछ दिनों से आमजन, विशेषकर महिलाओं को गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए गर्मी में भी लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। छोटे दुकानदारों और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों के लिए भी गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने मांग किया कि तत्काल पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने बताया कि दूसरी बड़ी समस्या पेट्रोल और डीजल की कमी की है। पूरे जिले में अधिकांश पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं। पंप संचालकों ने डीजल-पेट्रोल नहीं है के बोर्ड लगा दिए हैं। मोटरसाइकिल और अन्य वाहन सड़कों पर खड़े हैं तथा जरूरी काम-काज ठप पड़ गए हैं। कृषि कार्य भी डीजल के अभाव में ठप हो गए हैं। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
इसके अलावा, बिजली विभाग द्वारा जनपद में बिजली कटौती किए जाने की शिकायत की गई। यूनियन ने मांग की कि बिजली कटौती तुरंत रोकी जाए और किसानों को कृषि सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाए। बैठक में रामदौड़, श्यामसुंदर, बहरैची, अजय, रामजतन, पृथ्वी राय, राधेश्याम, छेदी मौजूद रहे।