अंतरराष्ट्रीय कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर करता था साइबर अपराध
हॉटस्पॉट अभियान के तहत पुलिस को मिली सफलता, पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
महराजगंज। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित साइबर ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी बिहार के मधुबनी का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, बरामद सिम बॉक्स के जरिए इंटरनेट आधारित अंतरराष्ट्रीय कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर साइबर अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था। साइबर टीम ने पूछताछ के लिए आरोपी को थाने पर बुलाया था, जहां उसने अपना जुर्म कबूल किया। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
साइबर फ्रॉड एवं हॉटस्पॉट अभियान के तहत गठित टीम ने यह कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकारी साइबर शशिमौली पाण्डेय और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद रशीद खां के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी पूछताछ के लिए साइबर थाना महराजगंज बुलाया था। बुधवार को पूछताछ के बाद वांछित आरोपित मो. नबीश (28) निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
दूरसंचार कंपनियों को राजस्व का होता था नुकसान
पुलिस के मुताबिक, आरोपित विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के नाम पर फर्जी अथवा अन्य लोगों के दस्तावेजों से जारी सक्रिय सिम कार्ड जुटाकर सिम बॉक्स का संचालन करता था। इस तकनीक के जरिए इंटरनेट वीओआईपी से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में परिवर्तित कर भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता था। इससे कॉल का वास्तविक स्रोत छिप जाता था और दूरसंचार कंपनियों को राजस्व का नुकसान होता था। इसी माध्यम से साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन अपराधों को अंजाम दिया जाता था। आरोपी मो. नबीश को पूछताछ के लिए साइबर थाना महराजगंज बुलाया गया था, जहां आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल किया। टीम ने साइबर थाने से गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी में बरामद हुआ 32 स्लॉट का सिम बॉक्स
क्षेत्राधिकारी साइबर शशिमौली पांडेय ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से एक 32 स्लॉट का सिम बॉक्स, दो कीपैड मोबाइल फोन, 151 सक्रिय सिम कार्ड, तीन लैन केबल, दो पावर एडॉप्टर, एक वाई-फाई राउटर, दो फर्जी आधार कार्ड और एक काला बैग बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
वर्जन
साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी की जानकारी तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस अथवा साइबर थाने को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
- शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस अधीक्षक