महराजगंज। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के सामने धनेवा-धनेई में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें कुल 136 पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है।
सामूहिक विवाह समारोह के दौरान विभिन्न वर्गों के जोड़ों ने भाग लिया। इसमें अल्पसंख्यक वर्ग के 12 जोड़े, अन्य पिछड़ा वर्ग के 73 जोड़े, सामान्य वर्ग के एक जोड़ा एवं अनुसूचित जाति के 50 जोड़े शामिल रहे।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए विवाह संपन्न कराए गए। हिंदू रीति से फेरे और मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कराए गए। वहीं, मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और परिवारों की भारी भीड़ मौजूद रही। सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सदर रामप्रीत गुप्ता रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य विवाह को सरल, सुलभ एवं सम्मानजनक बनाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर शादी का बोझ न पड़े। इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को वित्तीय सहायता, उपहार और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।
परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य सिर्फ विवाह कराना ही नहीं। बल्कि सामाजिक समरसता और एकता को भी बढ़ावा देना है।
इस दौरान गायत्री परिवार ट्रस्टी उदय बास पटेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, बीडीओ अतुल कुमार सदर, बीडीओ राहुल सागर मिठौरा, बीडीओ अमित मिश्रा नौतनवा, बीडीओ अमरनाथ पांडेय घुघली, बीडीओ सच्चिदानंद शुक्ला बृजमनगंज, बीडीओ मृत्युंजय लक्ष्मीपुर, बीडीओ कृष्णकांत शुक्ला फरेंदा मौजूद रहे।