परसामलिक। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मरजादपुर टोला सेवतरा में बीते शनिवार की रात में गुंजा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी पति पर केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही उसका फोन बंद है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना कस्बा निवासी रवि अपनी 20 वर्षीय पत्नी गुंजा के साथ अपने ससुराल में मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए आया था। शनिवार देर रात में खाना खाने के बाद गांव में ही रबि अपने मामा महेंद्र प्रसाद के घर पत्नी के साथ सोने चला गया। आरोप है कि रविवार भोर में पत्नी का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया। सुबह घर के लोग जब दोनों को जगाने के लिए गए तो देखा गुंजा बिस्तर पर मृत पड़ी थी। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी पर दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि गुंजा की मां रमावती की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।