‘निर्वाचन संबंधी बिंदुओं को बेहतर ढंग से समझें कार्मिक’
- चेहरी स्थित आईटीएम में प्रारंभ हुआ मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निर्वाचन अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है। सभी कार्मिक मतदान संबंधी प्रशिक्षण को बेहतर ढंग से समझ लें। ऐसा कर वे जहां बूथों पर बेहतर ढंग से मतदान करा सकेंगे, वहीं निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने में भी सहभागी बनेंगे।
ये बातें मंगलवार को चेहरी स्थित आईटीएम में कार्मिकों के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहीं। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी मतदान की समाप्ति पर क्लोज बटन दबाना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने से मतगणना के दिन समस्या हो सकती है। इस बार मतदान के उपरांत क्लोज बटन को लेकर एक प्रपत्र भी भरना है, जिसे सभी पीठासीन अनिवार्य रूप से भरेंगे। माक पोल या चुनाव के दौरान यदि मशीनों को बदलना हो तो संबंधित प्रपत्र को भरकर सेक्टर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि इस बार फोटोयुक्त मतदान पर्ची नहीं जारी होगी, इसलिए मतदाता को पर्ची के साथ इपिक कार्ड या आयोग की ओर से मान्य कोई पहचान पत्र लाना होगा। छोटी-मोटी समस्याओं से घबराने की बजाए उसे दूर कराने पर जोर दिया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी कार्मिक पूरे मनोयोग से निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने का कार्य करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि निर्वाचन का कार्य शीर्ष प्राथमिकता वाला है, ऐसे में सभी पूरी तत्परता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इस दौरान परियोजना निदेशक राजकरन पाल, जिला पंचायत राज अधिकारी केबी वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, एडीपीआरओ नित्यानंद, एके उपाध्याय, विशाल, संतोष शुक्ला, मनोज प्रजापति आदि मौजूद रहे।
कार्मिकों को लगाई गई बूस्टर डोज
चेहरी स्थित आईटीएम प्रशिक्षण स्थल पर प्रशिक्षण लेने आए कार्मिकों को बूस्टर डोज लगाने के लिए 15 काउंटर बनाए गए थे, जिसमें से 12 काउंटरों पर पुरुषों तथा तीन काउंटरों पर महिलाओं को टीका लगाया गया। टीकाकरण कार्य सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. आईए अंसारी आदि की देखरेख में हुआ।