महराजगंज। मौसम में बदलाव का असर जिला अस्पताल में दिखाई दे रहा है। कभी बारिश तो कभी तेज धूप से डायरिया, निमोनिया, तेज बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। इसमें सबसे ज्यादा संख्या डायरिया के मरीजों की है। जेई एईएस वार्ड में 22 मरीजों का उपचार चल रहा है। इसमें डायरिया के 11 मरीज हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में प्रतिदिन 700 से 800 मरीजों का प्रतिदिन उपचार हो रहा है, लेकिन सबसे अधिक भीड़ बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में देखी जा रही है। प्रतिदिन बाल रोग ओपीडी में 20 से 25 मरीज डायरिया, तेज बुखार के पहुंच रहे हैं। गंभीर रोगियों को डॉक्टरों की ओर से भर्ती किया जा रहा है। मरीज रिया के साथ आए राकेश ने बताया कि पहले पेट में दर्द शुरू हुआ तो डाॅक्टर को दिखाया, लेकिन नहीं ठीक हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर मरीज की हालत गंभीर बताते हुए भर्ती कर इलाज कर रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. रंजन मिश्रा ने बताया कि मौसम के बदलाव के कारण बच्चों में तेज बुखार, खासी, डायरिया जैसी गंभीर बीमारी हो रही है। दूषित जल पीने से बचें।
किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाए। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में दवाएं पर्याप्त हैं। मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है।