महराजगंज। जिले की विभिन्न साधन सहकारी समितियों पर सोमवार को खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ी। इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद केंद्र पर उपस्थित किसानों को यूरिया का वितरण किया गया। भीड़ के कारण यूरिया लेने में वक्त लगा रहा है।
अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, लक्ष्मीपुर ब्लाॅक अंतर्गत साधन सहकारी समिति महुअवा अड्डा में यूरिया के लिए सोमवार को भीड़ जुट गई। सचिव सुधाकर मिश्र ने बताया कि गोदाम में सिर्फ 400 बोरी यूरिया है। सभी को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की मदद लेनी पड़ी।
वहीं लक्ष्मीपुर ब्लॉक अंतर्गत नउवाडीह उर्फ देवपुर स्थित साधन सहकारी समिति रामनगर में सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरित की गई। सचिव सोनू चौबे ने बताया कि 350 बोरी यूरिया उपलब्ध है। भीड़ को देखते दुए एक व्यक्ति को एक बोरी यूरिया दी गई।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार, साधन सहकारी समिति रामनगर में सोमवार को बारिश होने पर भी किसान छाता लेकर यूरिया खाद के लिए कतार में खड़े थे। तहसील क्षेत्र के गांव नऊवाडीह उर्फ देवपुर स्थित साधन सहकारी समिति रामनगर में सोमवार को यूरिया आने की सूचना पर भारी संख्या में किसान पहुंच गए। भीड़ देखकर सचिव ने अड्डा बाजार चौकी पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज मनीष कुमार तिवारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर किसानों को कतार में खड़ा कराकर यूरिया वितरित करने में सहयोग किया। सचिव धीरेंद्र चौबे ने बताया कि 350 बोरी यूरिया आया है, जिसे किसानों में वितरित किया जा रहा है। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार, बृजमनगंज क्षेत्र में यूरिया के लिए किसान सुबह से कतार में खड़े रहे। नगर पंचायत बृजमनगंज के सौराहा, हाता बेला हरैया, मटिहनवा, महुलानी, फूलमनहां, पृथ्वीपालगाढ़, सहजनवा बाबू, गुजरोलिया, मिश्रौलिया, नैनसर, कवलपुर, दुबौलिया ग्राम सभा सहित कई ग्राम सभाओं के किसान खाद लेने पहुंचे। क्षेत्र के महेश जायसवाल, दिलशाद, सरवन गिरी, रोहित यादव, आर्यन जायसवाल, गोविंद वर्मा, संजय चौरसिया, दीनानाथ ने बताया कि खाद की जरूरत किसानों को पड़ रही है। सरकारी गोदाम पर खाद उपलब्ध है, लेकिन उसको लेने में पसीना बहाना पड़ रहा है।