चौक बाजार। मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा गौनरिया राजा में वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क से त्रस्त ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोप कर विरोध प्रदर्शन किया।
आरोप है कि बार-बार शिकायत और ग्राम प्रधान के आश्वासनों के बावजूद जब सड़क की मरम्मत नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर कीचड़ में धान की रोपाई कर प्रशासन को जगाने की कोशिश की। विरोध प्रदर्शन में चंदन वर्मा, सत्यम पटेल, देवेंद्र वर्मा, गणेश गौड़, गोधन विश्वकर्मा, चंचल पटेल, चेलम भारती, दीपक, विनय कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में यह सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है।
कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मरम्मत नहीं कराई तो वे आंदोलन करेंगे।