महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र के पिपरा रसूलपुर गांव के लापता सोखा रामाकांत की पत्नी बिजुला देवी ने पति की हत्या की आशंका जताई है। हत्या कर साक्ष्य मिटाने का भी आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के पिक्चर हाॅल केशवपुर निवासी राघवेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजुला देवी का कहना है कि उनके पति रामाकांत सोखाई करते हैं। एक जून को वे गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना अंतर्गत पिक्चर हाॅल केशवपुर गांव में राघवेंद्र सिंह के घर किसी को सोखवती (झाड़-फूंक) करने गए थे। एक-दो दिन नहीं लौटने पर परिवार वालों ने पहले आस-पड़ोस और रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बिजुला देवी ने बताया कि जब पति की कोई सूचना नहीं मिली तो उन्होंने राघवेंद्र सिंह से संपर्क किया। उसने बताया कि रामाकांत उनके घर से निकल चुके हैं। कई दिन बीत जाने पर भी पति नहीं पहुंचे तो उन्होंने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने रामाकांत की तलाश शुरू की, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं, पुलिस अब मामले की तह तक जाने के लिए संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करने की तैयारी में है।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार, पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर विधिक प्रक्रिया के तहत खोजबीन शुरू की थी। न्यायालय के आदेश पर अब आरोपी राघवेंद्र के विरुद्ध आईपीसी की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।