घुघली। क्षेत्र के करीब 21 युवकों से विदेश भेजने के नाम पर ठगों ने लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महराजगंज और कुशीनगर के युवकों को जालसाज फर्जी वीजा और टिकट देकर कार्यालय में ताला बंद कर चंपत हो गए। मुंबई पहुंचने पर युवकों को इसकी जानकारी हुई। तहरीर के आधार पर घुघली पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर में युवकों का आरोप है कि घुघली के हॉस्पिटल रोड के जोगिया मोड पर सुनील प्लेसमेंट रिसोर्स नाम से कार्यालय खोलकर करीब डेढ़ माह पहले घुघली क्षेत्र के लगभग 21 युवकों से विदेश भेजने के नाम पर जालसाजों ने दो-दो लाख रुपये ले लिए। वीजा व टिकट दिलाने के लिए जालसाजों ने हर युवक से एक लाख 20 हजार रुपये खाते में डलवाए और शेष रकम कई कार्यों के लिए दिलवाई। डेढ़ माह बाद उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर मुंबई हवाई अड्डा भेज दिया। एयरपोर्ट पहुंचने पर जांच के दौरान टिकट और वीजा फर्जी पाया गया।
जालसाजी करने के आरोपियों में सुनील मिश्रा, शशांक मिश्रा, निधि मिश्रा, अवधेश मिश्रा निवासी मेदनापुर उर्फ बेलासपुर रुद्रपुर देवरिया और उदय प्रताप सिंह, निवासी रामकोला कुशीनगर, संदीप यादव निवासी रक्षवापार, पिपराइच, गोरखपुर शैलेंद्र पासवान निवासी रामपुर माफी, रामकोला कुशीनगर बताए गए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।