फरेंदा (महराजगंज )। बृजमनगंज क्षेत्र के शिवालय पोखरा के पास मंगलवार की रात कार की चपेट में आने से दो बाइक सवारों और एक कार सवार की मौत हो गई। बाइक सवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसा कोहरे की वजह से हुआ।
बस्ती जिले के मुंडेरवा निवासी अरुण और शुभम व संतकबीरनगर के कांशीराम आवास निवासी विपिन कुमार बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तीनों शिवालय पोखरा के समीप पहुंचे थे कि कोहरे के कारण सामने से आ रही कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में जिसमें कार में सवार बृजमनगंज के रत्तूपुर निवासी मुन्नू, बैजू और चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार विपिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बृजमनगंज सीएचसी भिजवाया गया। जहां से नाजुक हालत देखते हुए सभी को सिद्धार्थनगर व मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बस्ती निवासी अरुण व बृजमनगंज निवासी मुन्नू की भी मौत हो गई।