परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र के गोरखपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने शुक्रवार को दोपहर करीब 4:30 बजे मुहम्मदपुर मोड़ के पास बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोग हंगामा करने लगे तो बाद बस चालक मौके से बस लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे दौड़ाकर परतावल चौराहे पर पकड़ लिया। भागने के दौरान परतावल मुख्य चौराहे पर किसी ने चालक को मारा-पीटा और बस का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुअवां निवासी अनूप (22) बाइक से अपनी बड़ी बहन अराधना (30) को उनके घर श्यामदेउरवां क्षेत्र के मुहम्मदपुर छोड़ने के लिए जा रहा था। अभी वह मुहम्मदपुर मोड़ पर पहुंचा था कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया निवासी बस चालक गंगेश निषाद (35) वाहन लेकर भागने लगा, बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने परतावल चौराहे पर उसे पकड़ लिया और उससे मारपीट भी की। स्थानीय लोगों ने घायल भाई-बहन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति में थी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
चौकी प्रभारी परतावल अमित कुमार सिंह ने बताया कि परतावल चौराहे पर बस चालक से कुछ लोगों ने मारपीट की है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।